विधान परिषद की स्थानीय निकाय सीटों के लिए मतदान नौ अप्रैल को होना है। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। लखनऊ उन्नाव सीट के लिए राजधानी में कुल 10 बूथ बनाए गए हैं। साथ ही पीठासीन अधिकारी तहसीलदार या समक्ष पद के अधिकारी को बनाया जाएगा।
मतदान से एक दिन पूर्व इन सभी बूथों के लिए 13 पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व और कार्मिक प्रभारी बिपिन मिश्रा को कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर माइक्रो ऑर्ब्जवर भी तैनात किए जा रहे हैं। इस तरह हर बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर मिलाकर छह अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लग रही है। साथ ही रिजर्व में भी कर्मचारी रखे जा रहे हैं। इस तरह कुल 52 कर्मचारी तैनात होंगे। रिजर्व में रखे गए कर्मियों और माइक्रो ऑर्ब्जवर को जोड़ लें तो करीब 65 कर्मचारी चुनाव कराएंगे। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां जिला पंचायत कार्यालय लखनऊ और उन्नाव कलेक्ट्रेट से रवाना होंगी। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि स्थानीय निकायों की सीटों के लिए एमएलसी चुनाव में कुल 4019 मतदाता हैं। लखनऊ में 10 और उन्नाव में 17 बूथ बनाए गए हैं। लखनऊ से 10 और उन्नाव से 17 यानी कुल 27 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। एमलसी की लखनऊ उन्नाव सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान सुबह आठ से शाम चार बजे के बीच होगा। इसके बाद 12 अप्रैल को मतगण्ना होगी। डीएम ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टी अपनी मतपेटियां कलेक्ट्रेट कक्ष संख्या तीन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करेंगी। इसी के साथ मतगणना भी कलेक्ट्रेट में ही होगी।