Breaking News

शादी में दूल्हे ने पहनी शेरवानी तो जमकर चले पत्थर, लड़की वालों ने कर दी बारातियों की पिटाई

मध्य प्रदेश में एक शादी में जब दूल्हे ने शेरवानी पहनी तो हंगामा खड़ा हो गया। मामला धार जिले का है। बताया जा रहा है कि दूल्हे के शेरवानी पहनने पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने एतराज जताया और फिर पूरा बवाल हुआ। इस हंगामे के दौरान दोनों पक्ष की तरफ से एक-दूसरे पर पत्थर फेंके गए। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस हंगामे के दौरान हिंसा हुई है।

मांगबयड़ा गांव में शनिवार को एक शादी में उस वक्त कोहराम मच गया जब दूल्हा शेरवानी पहन कर दुल्हन लाने पहुंचा था। लड़की वालों ने कहा कि आदिवासी परंपरा के अनुसार दूल्हे को शेरवानी नहीं बल्कि धोती-कुर्ता पहनना होगा। परंपराओं का हवाला देते हुए दुल्हन पक्ष के लोगों ने कहा कि शेरवानी में शादी की रस्में नहीं हो सकतीं और दूल्हे को धोती-कुर्ता पहनना ही होगा।

धामनोद पुलिस स्टेशन के इंचार्ज सुशील यदुवंशी ने मीडिया से कहा है कि धार शहर के रहने वाले सुंदरलाल ने अपनी शादी में शेरवानी पहनी थी। लेकिन दुल्हन के कई रिश्तेदार यह जिद करने लगे कि दूल्हे को शादी की रस्में निभाने के लिए धोती-कुर्ता पहनना होगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच जोरदार बहस हुई और फिर हिंसा बढ़ी।

इसके बाद दोनों ही पक्ष की तरफ से पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई गई। जिसके आधार पर कुछ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया। हालांकि, बाद में सुंदरलाल ने पत्रकारों से कहा कि उनका दुल्हन के परिवार से कोई विवाद नहीं है। लेकिन उन्होंने दावा किया कि कुछ रिश्तेदार, लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने में शामिल थे।

उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ इतना चाहता हूं कि जिन्होंने गलत व्यवहार किया है उनके खिलाफ एक्शन लिया जाए। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य लोग थाने पहुंच गए और वहां भी इन लोगों ने प्रदर्शन किया। कुछ महिलाओं का दावा था कि पत्थर दुल्हन के कुछ रिश्तेदारों ने फेंके थे, जिसकी वजह से कुछ लोग जख्मी भी हुए हैं।

न्यूज एजेंसी ‘PTI’ ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इसके बाद दूल्हा और दुल्हन के परिवार के लोग शहर पहुंचे और फिर शादी की रस्मों को पूरा किया गया।