संतकबीरनगर में बाप-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आयी है। कलयुगी बेटा ने पिता को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतारा दिया। हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने ही परिजनों को मारने के लिए दौड़ा लिया। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ा गया, और पुलिस को सौंप दिया। नवागत एसपी सोनम कुमार ने एक घंटे पहले ही जिले का कार्यभार संभाला उसके कुछ देर बाद ही हत्या की घटना से उनका स्वागत हुआ।
सबकुछ चल रहा था ठीक
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था। पिता और बेटे में इससे पहले ऐसी कोई बात नहीं हुई थी। जिसको लेकर विवाद हुआ हो। दोनों आपस में मिल जुलकर रहते थे। जिसके बाद रिश्ते का कत्ल होने का सनसनीखेज का मामला सामने आया। महुली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गिठीनी निवासी सुरेश चौधरी अपने घर बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बेटे महेश ने पहुंचते ही पिता सुरेश चौधरी के गर्दन पर कुल्हाड़ी से कई दफा हमला कर दिया। जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गयी।
लोगों ने चारों तरफ से घेर लिया
स्थानीय लोगों से मिली सूचना के बाद पुलिस पहुंची। जिसके बाद भी वो कुल्हाड़ी कंधे पर रखकर लहराता रहा और अपने ही परिवार पर मौत का साया बनकर खड़ा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम और लोग उसको पकडने में कतराते रहे। इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। जिसके बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडा लेकर चारों तरफ से उसको घेर लिया और पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में लगी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार घटना को परिवारिक कलह बताया जा रहा है।