Breaking News

सात फेरों के लिए तैयार होने से पहले दुल्हन ने डाला वोट

उत्‍तर प्रदेश में विधानपरिषद की 11 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सुबह जहां मतदान की रफ्तार काफी धीमी थी वहीं दोपहर होते-होते मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी। इस बीच हरदोई और लखीमपुर खीरी से लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर उत्‍साह बढ़ाने वाली दो तस्‍वीरें सामने आई हैं। हरदोई में एक नववधू ने सीधे मंडप से आकर वोट डाला तो लखीमपुर खीरी में एक दुल्‍हन ने सात फेरों के लिए तैयार होने से पहले आकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इसे भी पढ़ें : यूपी MLC Elections : कड़ी सुरक्षा के बीच बढ़ी वोटिंग की रफ़्तार, फर्रुखाबाद में मारपीट

हरदोई में शादी के मंडप से आकर एक नवविवाहिता ने मतदान किया। मतदान करने के बाद उसने कहा कि यह जरूरी फर्ज है। वोट डाल दिया है। अब ससुराल जाऊंगी। उधर लखीमपुर खीरी में धौरहरा की नंदिनी ने भी सात फेरे लेने से पहले अपना फर्ज निभाया। नंदिनी ने कहा कि चुनाव कोई भी हो, मतदान हमारा पहला फर्ज है। यह साबित किया है धौरहरा की नन्दिनी रस्तोगी ने। अपनी शादी में शरीक होने से पहले नन्दिनी ने वोट दिया। फिर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुईं।

धौरहरा कस्बे के बाजार वार्ड में रहने वाले रमेश रस्तोगी की बेटी नंदिनी रस्तोगी की मंगलवार को शादी है। मंगलवार को ही स्नातक एमएलसी के लिए मतदान हो रहा है। नंदिनी रस्तोगी ने सुबह नगर पंचायत बूथ पर पहुंचकर अपना मतदान किया। नंदिनी ने बताया कि हर चुनाव में सभी मतदाताओं को अपना वोट जरूर करना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी है। मतदान के बाद वह शादी के लिए लखीमपुर परिवार के साथ रवाना हो गई।

उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए आज सुबह आठ बजे से मतदान हो रहा है। प्रदेश की छह शिक्षक और पांच स्नातक कोटे की एमएलसी सीट के लिए भाजपा, सपा, कांग्रेस और शिक्षक संघों के अलावा निर्दलीय समेत कुल 199 उम्‍मीदवार मैदान में हैं।भाजपा के लिए चुनाव काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उच्च सदन में वह बहुमत के आंकड़े से दूर है। मतदान शाम पांच बजे तक होगा। इसका परिणाम तीन दिसंबर को आएगा। मतदान की रफ्तार शुरुआत में काफी धीमी रही। सुबह 10 बजे तक ज्‍यादातर बूथों पर चार से छह फीसदी मतदान हुआ था। हालांकि 11 बजते-बजते मतदान की रफ्तार तेज होने लगी।