उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है जहां पर एक महिला को गुटखा थूकने से मना करना भारी पड़ गया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले तो महिला के घर को घेर लिया और फिर महिला सहित उसकी बेटियों के साथ मारपीट की। पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 7 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पूरा मामला बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कानून गोयन का है। यहां की रहने वाली पीड़ित महिला सुशीला देवी ने बताया कि, उसके पड़ोस मनोज कुरील रहता है। आरोप है कि, मनोज और उसका बेटा रोजाना पान मसाला खाकर उसकी छत पर थूकते हैं। दीपावली की रात में आरोपी मनोज और उसके बेटा बार-बार उसकी छत पर गुटखा खाकर थूक रहा था।
पीड़िता ने जब गुटखा थूकने का विरोध किया तो मनोज ने उसके साथ गाली-गलौच कर दी। आरोपी ने महिला के बेटे मोनू यादव की भी मारपीट की। आरोप है कि पीड़िता की बेटियों के साथ में भी अभद्रता की गई। दबंग द्वारा की गई मारपीट से पीड़िता डर गई। उसने अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया और घर के अंदर ही रही। दबंग आरोपी यहीं नहीं रुका उसने अपने साथियों के साथ महिला के घर को घेर लिया। किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
अगर हम वीडियो की बात करें तो इसमे देखा जा सकता है कि वीडियो में 2 दर्जन से अधिक आरोपी महिला को घेरे हुए हैं। आरोपी महिला के घर के दरवाजे को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। एक आरोपी महिला के दरवाजे पर पत्थर मार रहा है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि, महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।