लखनऊ : कांग्रेस पार्टी की यूपी जोड़ो यात्रा आज शनिवार को करीब 550Km का सफर तय करके लखनऊ में खत्म हुई । लखनऊ में दाखिल होने के बाद पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस के पदाधिकारियों के हाथ में भारत के झंडे दिखे। दोपहर करीब 12 बजे रकाबगंज से शुरू होकर शहीद स्मारक तक पहुंचने वाली है। यहां शहीदों को नमन किया जाएगा।
इस यात्रा में राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, विधान मंडल दल के नेता आराधना मिश्रा मोना, राज्य सभा में उप नेता प्रमोद तिवारी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं। बता दें लोकसभा चुनाव 2024 से पहले यह कांग्रेस का बड़ा गेम प्लान माना जा रहा है।
व्यापारियों ने किया इस यात्रा का स्वागत
शनिवार दोपहर 12 बजे से रकाबगंज से यात्रा शुरू हुई। रानीगंज, नाका चौराहा होते हुए गुरुद्वारा, बांसमंडी चौराहा, अंबेडकर तिराहा, चारबाग, केकेसी के आगे छीतवापुर, महाराणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा, शुभम टॉकीज चौराहा, कैसरबाग चौराहा होते हुए परिवर्तन चौक के रास्ते से शहीद स्मारक पहुंची। इस दौरान, जगह-जगह व्यापारी वर्ग ने इस यात्रा का स्वागत किया।
कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा में कार्यकर्ता को धक्का देने पर बीजेपी ने तंज कसा है। उत्तर प्रदेश बीजेपी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश को सालों लूटने वाले कांग्रेसियों का एक और नया कारनामा सामने आया है। राहुल-प्रियंका के नक्शे कदमों पर चलते हुए यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी पार्टी कार्यकर्ता को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। जो पार्टी कार्यकर्ताओं की इज्जत नहीं करती वो जनता की इज्जत क्या करेगी।