बिहार विधानसभा चुनाव जल्द ही शुरू होने वाला है। इसी बीच बिहार में सियासी तापमान बढ़ गया है। पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। सोमवार को सीएम नीतीश कुमार ने जहां लालू यादव पर हमला किया वहीं, एक दिन पहले लालू ने कार्टून के जरिए नीतीश कुमार को आड़े हाथों लिया है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद संस्थापक लालू यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि पति जब अंदर गए तो पत्नी (राबड़ी देवी) को बैठा दिया, लेकिन महिलाओं के लिए उन्होंने क्या किया बताएं। सीएम नीतीश ने कहा कि हमने महिलाओं को आरक्षण देने से लेकर उनकी शिक्षा का पूरा इंतजाम किया। नीतीश ने कहा कि अब कुछ लोग महिलाओं को भड़काने में लगे हैं लेकिन पहले उन्होंने कुछ नहीं किया।
अल्पसंख्यकों की मदद का जिक्र करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि उनके राज में उर्दू और संस्कृत टीचरों को पटना में पीटा गया था लेकिन हमने बाकी टीचरों की तरह ही मदरसा टीचरों को भी मदद देने का काम किया। इसके अलावा बड़ी हस्तियों के स्माकर बनवाए। सूफी संतों की ख्वानखाहों की मदद की। नीतीश ने कहा कि वो सिर्फ इस्तेमाल करना चाहते हैं हमने सबके लिए काम किया है।
वहीं, लालू यादव के ट्विटर हैंडल से एक एक ट्वीट किया जिसमें ये लिखा गया है कि क्या बिहार में हिंद महासागर को भेजा जाए? उन्होंने साथ ही नीतीश कुमार को आराम करने की भी सलाह दी। लालू यादव ने भोजपुरी में ट्वीट किया जिसका अर्थ है, ‘बिहार में अब हिंद महासागर भेजा जाए क्या? पंद्रह सालों की नाकामी पर खाली गाल बजाएंगे क्या? नीतीश कुमार! आप थक गए हैं, अब आराम कीजिए।
इसे भी पढ़ें : बिहार चुनाव: नेता जी पर दर्ज हुई FIR, भैंस पर सवार कर रहे थे प्रचार
लालू प्रसाद यादव के ट्वीट पर आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार हताश और निराश हो गए हैं। वो कह रहे हैं कि समुद्र के किनारे उद्योग धंधे लगते हैं तो क्या वह बताएंगे कि पंजाब और हरियाणा में कौन सा समुद्र है या महासागर है।