लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लखनऊ के समता मूलक चौराहे पर महिला डॉक्टर की कार को रोककर उसके साथ छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपियों ने महिला डॉक्टर के पति की पिटाई भी की है। पीड़िता की शिकायत पर गोमती नगर थाना पुलिस ने 2 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़िता महिला डॉक्टर का ने बताया कि वह कार से अपने पति के साथ एक कार्यक्रम से वापस लौट रही थी जिस दौरान उनकी कार रिवर फ्रंट समता मूलक चौराहे के पास पहुंची। वहां आरोपी फैज खान व शिवेंद्र सिंह ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया। आरोप है कि कार रुकवाकर आरोपी उससे छेड़खानी करने लगे। इस बीच पति ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराया। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
बता दें पीड़ित महिला डॉक्टर अबरार नगर कल्याणपुर की रहने वाली है। पीड़िता का कहना है कि ठाकुरगंज चौक निवासी आरोपी फैज खान उसका काफी दिनों से पीछा कर रहा है। वह कई बार उसके साथ छेड़खानी कर चुका है। छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपी द्वारा उसके साथ मारपीट भी की गई।
पीड़िता ने पूर्व में 1090 पर शिकायत की लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से आरोपी का हौसला बढ़ गया।
कार रोककर महिला डॉक्टर के साथ छेड़खानी
पीड़िता ने बताया कि उसकी नवंबर 2023 में शादी हुई थी। शादी के बाद आरोपी ने उसके पति पर जानलेवा हमला किया था। वह कई बार उसके पति पर हमला कर चुका है। आरोपी उसे शहर में न रहने की धमकी देता है। आरोपी फैज खान की धमकियों से पीड़िता का परिवार डरा हुआ है। कार रोककर महिला डॉक्टर के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी फैज खान और शिवेन्द्र सिंह भाल पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।