Breaking News

बलिया: प्रधान के घर बुला कर पत्रकार की हत्या

उत्तर प्रदेश के बलिया में सोमवार देर शाम एक निजी चैनल के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बलिया के फेफना थाना से करीब 500 मीटर दूर पर कुछ बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। रतन सिंह ने हमलावरों से बचने के लिए भागने की कोशिश की लेकिन उन्होंने रतन को दौड़ाकर गोली मार दी और भाग निकले।

जानकारी के मुताबिक, रतन सिंह दिन भर काम के बाद शाम को गांव लौटे थे। इसके बाद वह गांव में किसी से बातचीत कर रहे थे। बातचीत खत्म होने के बाद वह वापस घर की ओर पैदल चल पड़े। जहां उन पर 4 से 5 बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वह दौड़कर प्रधान झाबर सिंह के घर पहुंचे तो उनको हमलावरों ने पीटा फिर सिर में गोली मार फरार हो गए।

बताया जाता है कि गांव के प्रधान झाबर सिंह के घर मे बदमाशों ने पहले पत्रकार रतन सिंह को पीटा फिर सिर में गोली मारी। देर शाम हुई घटना में साजिशकर्ता के तौर पर प्रधान का नाम भी लिया जा रहा है। वहीं चर्चा है कि कुछ दिन पहले रतन सिंह का पाटीदार से विवाद हुआ था। जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी।