Breaking News

रूस ने राजधानी कीव पर दागीं मिसाइलें, यूक्रेन ने रूसी विमान को मार गिराया

लंबे तनाव के बाद रूस ने गुरुवार सुबह 5 बजे यूक्रेन पर हमला बोल दिया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नेशनल टेलिविजन पर हमले का ऐलान किया। धमकाने वाले अंदाज में बोले कि रूस और यूक्रेन के बीच किसी ने भी दखल दिया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। उनका इशारा अमेरिका और नाटो फोर्सेस की तरफ था।

इस बयान के 5 मिनट के भीतर यूक्रेन में राजधानी कीव समेत कई प्रांतों में 12 धमाके हुए। राजधानी कीव पर मिसाइल अटैक भी हुआ। वहां एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। इस कदम के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों के रेस्क्यू मिशन को भी रोकना पड़ा। यूक्रेन गई एयरइंडिया की फ्लाइट खतरे के अलर्ट के चलते वापस लौट आई।

हमले का यूक्रेन ने भी जवाब दिया और रूस के एक फाइटर जेट को मार गिराया। यूक्रेन ने कहा कि हम इस हमले का जवाब देंगे और इस जंग को जीतेंगे। यही वक्त है, जब पूरी दुनिया को रूस को जवाब देना चाहिए और उसे रोकना चाहिए।

थोड़ी देर बाद यूक्रेन ने एक और बयान जारी किया। यूक्रेन ने कहा कि हम पर तीन तरफ से… रूस, बेलारुस और क्रीमिया बॉर्डर की ओर से हमला हुआ है। लुहांस्क, खारकीव, चेरनीव, सुमी और जेटोमिर प्रांतों में हमले जारी हैं।

यूक्रेन-रूस युद्ध से जुड़े अहम अपडेट्स…

यूक्रेन ने कहा- हम पर तीन तरफ से… रूस, बेलारूस और क्रीमिया बॉर्डर की ओर से हमला हुआ है। लुहांस्क, खारकीव, चेरनीव, सुमी और जेटोमिर इलाकों पर हमले जारी हैं।
यूक्रेन से भारतीयों को लाने के लिए गई एयर इंडिया की फ्लाइट वापस लौट आई है। फ्लाइट को नोटिस टू एयर मिशन यानी NOTAM भेजा गया था यानी फ्लाइट के दौरान खतरे की आशंका जाहिर की गई थी।

यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू यानी वहां की कानून-व्यवस्था अब सेना ने अपने हाथ में ले ली है।
यूक्रेन की राजधानी कीव में कई जगहों पर बम धमाके हुए हैं। कीव एयरपोर्ट को खाली कराया जा रहा है।
रूस ने कीव में मिसाइल अटैक भी किया है। यूक्रेन के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।
रूसी हमले के बाद यूक्रेन में मार्शल लॉ लगा दिया गया है। यूक्रेन की तरफ से युद्ध रोकने की अपील की गई है।
रूसी सिपाही क्रीमिया के रास्ते यूक्रेन में घुस रहे हैं। बॉर्डर पर दो लाख से ज्यादा रूसी सिपाही तैनात हैं।
पुतिन ने यूक्रेन पर हमला बोला, वहां सेनाएं भेजीं; राजधानी कीव पर मिसाइलें दागीं।

रूस का दावा- यूक्रेनी शहर निशाना नहीं, सैन्य ठिकाने तबाह कर रहे हैं

यूक्रेन में मिसाइल अटैक और धमाकों के बीच रूस ने बयान जारी किया है। रूस ने कहा कि हमारे निशाने पर यूक्रेन के शहर नहीं है। हमारे हथियार यूक्रेन के सैन्य ठिकानों, एयरफील्ड, एयर डिफेंस फैसिलिटीज और एविएशन को तबाह कर रहे हैं। यूक्रेन की जनता पर कोई खतरा नहीं है।

यूएन में लिया जा सकता है रूस के खिलाफ फैसला

पुतिन ने ये ऐलान UNSC की बैठक की बीच किया है। यह बैठक रूस-यूक्रेन तनाव पर ही चल रही है, अब रूस पर कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया जा सकता है। यूएस सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रियस का कहना है कि कोल्ड वॉर खत्म होने के बाद पुतिन ने नाटो को सबसे बड़ा तोहफा दे दिया है। इस खतरे की वजह से नाटो फिर से एकजुट हो गया है। पुतिन रूस को महान बनना चाहते है, लेकिन उन्होंने अपनी हरकत से नाटो को फिर से महान बना दिया।