Breaking News

किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले युवक को ताऊ ने मार डाला

खतौली कोतवाली क्षेत्र के अंतवाड़ा गांव में किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश करने वाले युवक की पीड़िता के ताऊ ने सरिये से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अंतवाड़ा गांव निवासी किशोरी बुधवार रात को छोटी बहन के साथ घर के आंगन में सो रही थी। आधी रात के बाद गांव का ही युवक संजय दीवार फांदकर घर में घुस आया और किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर परिवार के लोग नींद से जाग गए।

किशोरी के परिवार का आरोप है कि युवक ने चाकू दिखाकर लड़की को जान से मारने की धमकी दी। परिजन युवक की ओर दौड़े तो वो धमकी देते हुए घर से फरार हो गया। इस दौरान किशोरी का ताऊ अपने छोटे भतीजे के साथ सरिया लेकर युवक की तलाश में गांव में निकल गया। ताऊ पहले संजय के परिवार के पास पहुंचा। घटना की जानकारी देने के बाद घर जाने लगा। रास्ते में संजय घर के बाहर ही मिल गया। ताऊ ने संजय की सरिये से पिटाई कर हत्या कर दी और घर लौट गया। घायल संजय भी घर जाकर सो गया। सुबह को संजय मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने ग्रामीणों ने घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम पर भेज दिया। मृतक के परिजनों की ओर से आरोपी ताऊ के विरुद्ध तहरीर दी गई है।