लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी एक बार फिर शर्मसार हो गई है। इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला दुबग्गा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां जमानत पर रिहा हुए एक आरोपी ने दोबारा उसी महिला को अपना शिकार बनाया, जिसने पहले ही उसके खिलाफ गंभीर आरोप दर्ज कराए थे।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अंशू मौर्य ने पीड़िता को अगवा कर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से पिटाई की। जब महिला ने विरोध किया तो उसने उसके हाथ-पैर बांध दिए और लखनऊ की आम्रपाली योजना के पास झाड़ियों में फेंक दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला झाड़ियों में बेसुध हालत में पड़ी दिख रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़िता मूल रूप से कानपुर की रहने वाली है। उसकी अंशू मौर्य से जान-पहचान लगभग साढ़े तीन साल पहले हुई थी। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने शारीरिक शोषण किया और 5.6 लाख रुपये भी ठग लिए। पहले भी आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धोखाधड़ी की FIR दर्ज हुई थी। गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन जमानत पर छूटते ही उसने दोबारा वही दरिंदगी की।
फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। यह घटना राज्य में महिला सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।