सड़क से लेकर संसद तक मोदी सरकार से सीधी टक्कर लेने वाले आप सांसद संजय सिंह के घर ईडी का छापा पड़ गया है। ईडी ने दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय सिंह के दिल्ली स्थित घर पर छापेमारी कर सियासी गर्मी बढ़ा दी है। मोदी सरकार को लगभग हर मुद्दे पर घेरने वाले संजय सिंह पर छापेमारी को लेकर आप समेत पूरे विपक्षी खेमे ने एक सुर में मोदी सरकार पर हमला बोल दिया है। विपक्षी दलों ने संजय सिंह के घर छापेमारी को लेकर क्या कुछ कहा उसे बताए, उससे पहले आपको बता दें कि, छापेमारी के वक्त मौजूद संजय सिंह के पिता ने क्या कहा।
संजय सिंह के पिता दिनेश सिंह के मुताबिक, रात में छापा पड़ा तो ईडी की टीम को चाय-पानी भी ऑफर किया। हमने कहा कि, आज एक ही दिन में अपनी जांच पूरी कर लीजिए। आप राज्यसभा सांसद के घर छापे को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि, संजय सिंह लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कारोबारी गौतम अदाणी का मुद्दा उठा रहे थे। उनके ऊपर इसी वजह से छापेमारी की गई है।
उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी तानाशाही चलाने की कोशिश कर रहे हैं। हम लोग इस मुद्दे को उठाते रहेंगे। छापेमारी को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज ने भी आप सांसद संजय सिंह पर हुई कार्रवाई की निंदा की है। उदित राज ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि, ईडी बीजेपी की सहयोगी गठबंधन है, जिसने तबाही मचाई हुई है।
उन्होंने कहा कि, ईडी की जो कार्रवाई हुई है, उसकी मैं निंदा करता हूं। ईडी किसी केस का निपटारा नहीं करती है। इस जांच एजेंसी का इस्तेमाल सिर्फ डराने के लिए हो रहा है। संजय सिंह के समर्थन में क्षेत्रीय दल के तौर पर सपा आरजेडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा भी खड़ा नजर आया। समाजवादी पार्टी के नेता अमीक जमई ने कहा कि, जिस तरह आज संजय सिंह के यहां पर कार्रवाई हुई है। 2024 से पहले विपक्ष के और भी नेताओं के यहां ऐसी कार्रवाई होगी। लेकिन विपक्ष सरकार से सवाल पूछना बंद नहीं करेगा। बीजेपी की अलोकतांत्रिक कारवाई बीजेपी को 2024 में हिन्द महासागर में डूबा देगा।
वहीं आरजेडी के सांसद मनोज झा ने संजय सिंह पर हुई कार्रवाई को लेकर कहा कि, ये सिलसिला चुनाव तक चलने वाला है। आज हमलोग और लालू जी बेल के लिए जा रहे हैं। इसकी जद में सभी लोग आएंगे। झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता मनोज पांडे ने कहा कि, ईडी का इस्तेमाल कर मोदी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है। हमने संजय सिंह को देखा है। वह निर्भीक होकर सरकार की आलोचना करते हैं। इसलिए उनको परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि, हमारी पार्टी और पूरा विपक्ष संजय सिंह के साथ है। कल पत्रकारों के यहां छापा पड़ता है। आज विपक्ष के नेता के यहां छापेमारी हुई है। सरकार लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है। विपक्ष जहां कार्रवाई को राजनैतिक बता रहा है। वहीं भाजपा के नेता संजय सिंह के घर छापेमारी को लेकर अरविंद केरजरीवाल पर हमलावार है। भाजपाइयों का कहना कि, केजरीवाल ने भ्रष्टाचार का रिकार्ड बना दिया। जिसमें उनके सभी सिपहसलार शामिल है। संजय सिंह उनमें से एक है और जब सरकार कार्रवाई करती है तो केजरीवाल रोने का नाटक करने लगते है।
ब्यूरो रिपोर्ट nttv bharat