जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से मनचलो की हैवानियत की ख़बर सामने आ रही है। यहां एक गांव के कुछ बदमाशों ने लड़कियों पर गंदे कमेंट किए। इसकी शिकायत करने जब लड़की की मां पहुंची तो मनचलों ने लड़की के साथ मां की भी पिटाई कर दी। वही पुलिस स्टेशन पर मामले की सुनवाई न होने के बाद, महिला ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। पूरा मामला खुटहन थाना क्षेत्र के एक गांव का है। महिला का आरोप है कि उसकी दोनों बेटियां घर से बाहर जब भी निकलती थीं तो गांव के ही कुछ लड़के उन्हें परेशान करते थे।
माँ का आरोप है कि मनचले दोनों बहनों से छेड़छाड़ करते थे। दोनों बहने जब भी घर से बाहर निकलती थीं, या किसी काम के लिए कहीं आती जाती तो गांव के ही कुछ लड़के उनपर अश्लील कमेंट करते थे और छेड़ते थे। इस घटना के बारे में जब लड़कियों ने अपने घर पर बताया तो लड़कियों की मां ने बेटियों के साथ हो रहे छेड़छाड़ के खिलाफ आवाज उठाई। मां जैसे ही आरोपी युवकों के घर जाकर उनके परिजनों से शिकायत करने पहुंची तो यह बात लड़कों को बुरी लग गई। इतनी सी बात पर बीरमपुर गांव के रहने वाले अवनीश यादव, बिट्टू, चंदन और सुक्खू ने महिला और उसके परिवार वालों को पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस में शिकायत करने के लिए गई तो किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने एसपी डॉ अजय पाल शर्मा से न्याय की गुहार लगाई है। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जौनपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा ने पूरे मामले की जांच करके आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।