Breaking News

MP: झोपड़ी में लगी भीषण आग, 2 सगी बहनें जिंदा जली, जांच में जुटी पुलिस

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के नयागांव टीलामजरा में एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से दो सगी बहनों की जलकर मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार को हुई इस घटना में मृत बालिकाओं की पहचान 4 साल की हिमांशी और ढाई साल की नत्यिा के रूप में हुई है। घटना के वक्त दोनों बच्चियों के माता-पिता काम पर गए थे और वे झोपड़ी में दो अन्य सहेलियों के साथ खेल रही थीं।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक झोपड़ी में आग लग गई। उसकी सहेलियां किसी तरह झोपड़ी से बाहर भाग गईं और यह दोनों बहनें झोपड़ी के अंदर ही रह गयीं। आसपास के लोगों ने आग बुझायी और तब तक दोनों बहनें आग में झुलस चुकी थीं।

सूत्रों ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वही भीषण आग की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। इधर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और नायब तहसीलदार ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग किन कारणों से लगी यह भी अज्ञात बताया जा रहा है।