Breaking News

दिल्ली से पंजाब तक किसानों का हल्लाबोल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर में लगाई आग

केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए कृषि विधेयकों के खिलाफ देश में प्रदर्शन रुका नहीं है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों में इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह भी देश की राजधानी दिल्ली के दिल कहे जाने वाले राजपथ पर बिल के विरोध में गुस्सा देखने को मिला। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक ट्रैक्टर में आग लगा दी और कृषि विधेयकों पर विरोध जताया।

किसान कानून के खिलाफ प्रदर्शन की आग दिल्ली तक पहुंच गई है। दिल्ली के इंडिया गेट में किसानों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी है। पंजाब और हरियाणा के बाद किसानों का प्रदर्शन देश की राजधानी में संसद के बिल्कुल पास तक पहुंच गया है। संसद के करीब इंडिया गेट पर किसानों ने टैक्टर में आग लगा दी। हालांकि प्रदर्शनकारियों को इक्कठा होने नहीं दिया गया। दिल्ली में इंडिया गेट और आस पास के वीआईपी इलाकों में धारा 144 लागू है और कोरोना वायरस के मद्देनजर लोगों को इकट्ठा होने की इजाजत नहीं है।

 पिछले दो हफ्तों से जिन किसान बिलों को लेकर संसद से सड़क तक लड़ाई छिड़ी थी, वो अब कानून बन गए हैं। लेकिन राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद भी बिल को लेकर बवाल नहीं थम रहा है। पंजाब में किसानों और सियासी दलों का विरोध और तेज हो रहा है। किसान संगठनों ने पंजाब में रेल रोको प्रदर्शन 29 सितंबर तक बढ़ा दिया है। बिल के खिलाफ अकाली दल जगह-जगह रैली कर रहा है। बिल को राष्ट्रपति की मंज़ूरी के बाद भी कांग्रेस के तेवर कड़े हैं।

कर्नाटक में भी किसानों ने राज्य बंद बुलाया है, कृषि विधेयक के विरोध में मंडियों को बंद किया गया है। साथ ही दुकानदारों से बाजार बंद रखने की अपील की गई है. वहीं, किसानों के समर्थन में जो भी दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर रहे हैं, उन्हें किसानों की ओर से फूल दिया जा रहा है।