Breaking News

विदेशों में हिंदी की धूम, सबसे ज्यादा पंसद की जाने वाली भाषा

आज पूरी दुनिया में हिंदी की धूम है। क्योंकि हिंदी पूरी दुनिया में एक बड़े वर्ग द्वारा बोली जाने वाली सबसे अहम भाषा है। जो हर साल देश के लिए योगदान को याद करने और इसके प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। 15 अगस्त 1947 को देश को आजादी मिलने के दो साल बाद 14 सितंबर 1949 को हिंदी को राजभाषा घोषित किया गया था। आज हिंदी सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि कई अन्‍य देशों में भी बोली जाती है. हिंदी की खासियत यह है कि यह समझने में बहुत आसान है और इसे जैसा लिखा जाता है, इसका उच्चारण भी उसी तरह किया जाता है। हमारे देश में 77 फीसदी लोग हिंदी बोलते, समझते और पढ़ते हैं।

बीते कुछ सालों में हिंदी भाषा सिर्फ देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में समृद्ध हुई है। दुनिया ये बात अच्छी तरह से जानती है कि भारत व्यापार की दृष्टि से बड़ा नाम बनता जा रहा है। इसलिए अगर यहां व्यापार करना है तो हिंदी पर पकड़ मजबूत बनानी होगी। इस वजह से अब विदेशी कंपनियां भी हिंदी भाषा में काम कर रही हैं।

विश्व में जिन देशों में भारत के दूतावास हैं, वहां हिंदी दिवस को खास तौर पर मनाया जाता है। हिंदी भाषा जहां देश के कई राज्‍यों में बोली जाती है, वहीं कई अन्‍य देशों जैसे नेपाल, पाकिस्‍तान,बांग्‍लादेश, अमेरिका, सूरीनाम, युगांडा, मॉरिशस, फिजी, दक्षिण अफ्रीका आदि में भी बोली जाती है।

यह हिंदी भाषा के प्रति लोगों का लगाव ही है कि हिंदी के महत्‍व को समझा गया और 2017 में ऑक्‍सफोर्ड डिक्‍शनरी में पहली बार हिंदी के ‘अच्छा’, ‘बड़ा दिन’, ‘बच्चा’ और ‘सूर्य नमस्कार’ जैसे शब्‍दों को शामिल करके हिंदी का मान बढ़ाया गया। वहीं विश्व आर्थिक मंच की गणना के मुताबिक हिंदी विश्व की दस शक्तिशाली भाषाओं में से एक है।