Breaking News

माँ के आशिक को बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला..

उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के सदर क्षेत्र में रामतेज हॉस्पिटल के पास शुक्रवार की रात एक बेटे ने मां के आशिक को पीट-पीटकर मार डाला। फावड़े से उसके चेहरे और गर्दन पर प्रहार किए। महिला ने पति को छोड़ दिया था। प्रेमी के साथ ही रहती थी। बेटे ने इस रिश्ते का विरोध किया। मां नहीं मानी तो उसके आशिक को मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने वारदात की सूचना के कुछ देर बाद ही हत्यारोपी को पकड़ लिया। वह नाबालिग है।

दरअसल एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि रामतेज हॉस्पिटल ताजगंज क्षेत्र में आता है। उसके पास बस्ती में घटना हुई है। बस्ती सदर थाना क्षेत्र में आती है। मीना नाम की महिला अपने रिश्ते के मामा बाबू पुत्र मंगलदास के साथ रहने लगी थी। मीना ने अपने पति जॉन पप्पू को छोड़ दिया था। मीना का 17 वर्षीय बेटा भी साथ रहता था। रात को बाबू ने नशे में मीना के साथ मारपीट की थी। उससे शराब के लिए रुपये मांग रहा था। बेटे को पहले से मां का बाबू के साथ रहना पसंद नहीं था। रात को मां के साथ मारपीट हुई तो वह आक्रोशित हो गया। उसने सोते समय बाबू पर हमला बोल दिया। हत्या के बाद मौके से भाग गया। छोटे नाम के एक व्यक्ति ने वारदात को देखा।

हत्यारोपी बोला- गुस्से में मार डाला

पुलिस ने हत्यारोपी किशोर को पकड़ा तो वह रोने लगा। उसने कहा कि गुस्से में मार डाला। बाबू के कारण उसका परिवार टूट गया था। वह माँ के साथ मारपीट करता था। जान पहचान के लोग भी उसका और उसकी मां का मजाक उड़ाया करते थे। जानकर उसे बाबू का लड़का बोलकर चिढ़ाते थे। एसपी सिटी ने बताया कि हत्यारोपी नाबालिग है। उसी कानून के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।