Breaking News

3 दिन तक देवभूमि में रहेंगी प्रियंका गांधी

मयंक पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार

देहरादून। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक बार फिर देवभूमि उत्तराखंड पहुंच गयी हैं। अपने निजी प्रवास के लिए देहरादून पहुंची प्रियंका वाड्रा मुख्य रूप से द दून में पढ़ रहे अपने बेटे रेहान वाड्रा से मिलने आयी हैं। चर्चा है कि वह यहां कुछ चुनिंदा कांग्रेस के नेताओं से भी मुलाकात कर सकती हैं।

शाम को देहरादून पहुंची अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गुनियाल गांव के अंतारा ओल्ड एज होम के विश्राम गृह में रात गुजरेंगी। कल शनिवार को प्रियंका अपने पुत्र रेहान वाड्रा से मुलाकात करने के उपरांत मसूरी के लिए रवाना हो जाएंगी। यहां महाराज कपूरथला के आवास पर जाने का उनका कार्यक्रम है। हर बार की तरह इस बार भी प्रियंका मीडिया से दूरी बना कर रख सकती हैं।

प्रियंका गांधी वाड्रा के इस गोपनीय और निजी दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है। प्रियंका के काफिले में सिर्फ 3 वाहन रहेंगे। स्थानीय ट्रैफिक पुलिस कांग्रेस महासचिव के रूट पर व्यवस्था चाक चौबंद करने में लग गया है।

इसे भी पढ़ें: लव-जेहाद की जांच कराकर फंस गए योगी, लड़कियों ने कहा-हां मैं मुस्लिम हूं

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रियंका के इस प्रवास की आधिकारिक जानकारी प्रदेश कांग्रेस को नहीं दी गई है। आपको बता दें कि इससे पूर्व भी प्रियंका देहरादून आती रही हैं लेकिन कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय को सूचना नहीं दी जाती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि यह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का निजी दौरा है, किसी कार्यकर्ता को उनसे मिलने अथवा भीड़ लगाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से उनकी मुलाकात के प्रश्न पर प्रीतम सिंह ने कहा कि वह कांग्रेस के अनुशासित सिपाही हैं। अगर उन्हें मिलने के लिए बुलाया जाता है तो वह तैयार रहेंगे किन्तु अपनी तरफ से वह मुलाकात का कोई प्रयास नहीं करेंगे।