Breaking News

शिया मौलाना कल्बे सादिक की ये थी ख़ास पहचान, मोदी जी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि सामाजिक सद्भावना और भाईचारे के लिए उन्होंने उल्लेखनीय प्रयास किया। इससे पहले सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी धर्मगुरु के निधन पर शोक जताया। सपा प्रमुख अखिलेश और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी मौलाना के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

इसे भी पढ़ें : योगी सरकार करेगी किसानों की आय दोगुना

जानिये कल्बे सादिक के बारे में :
कल्बे सादिक एक प्रमुख इस्लामी विद्वान, सुधारक, शिक्षाविद, परोपकारी और प्रचारक थे। उनका जन्म लखनऊ, उत्तर प्रदेश, भारत में एक शिया परिवार, द खवांडा-ए-इज़्तिहाद में हुआ था। उन्होंने मुहर्रम के इस्लामी महीने में ज्यादातर व्याख्यान देने के लिए कई देशों का दौरा किया।वह मुहर्रम में शोक सत्रों का पाठ और अध्यक्षता करता था।

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं जाने-माने शिया धर्मगुरु सादिक का मंगलवार देर रात लखनऊ में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष रहे मौलाना कल्बे सादिक के निधन से अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने सामाजिक सद्भावना और भाईचारे के लिए उल्लेखनीय प्रयास किया। उनके परिजनों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सभी धर्मों के प्रति गहरा लगाव था और उनका निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने भी मौलाना सादिक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बुधवार को एक ट्वीट में कहा कि ऑल-इण्डिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मशहूर शिया आलिम-ए-दीन मौलाना कल्बे सादिक की लम्बी बीमारी के बाद निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व देश-दुनिया में उनके सभी जानने-मानने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मौलाना सादिक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मौलाना के साथ अपनी तस्वीर को ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि जनाब कल्बे सादिक के निधन का दुखद समाचार मिला। वह शिया समाज के प्रमुख धार्मिक नेता ही नहीं बल्कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष भी थे।

कैंसर, गंभीर निमोनिया और संक्रमण से पीड़ित मौलाना सादिक पिछले करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें पिछले मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। मौलाना कल्बे सादिक दुनिया भर में अपनी उदारवादी छवि के लिए जाने जाते थे।