Breaking News

किताबों के घोटालेबाज बीजेपी विधायक पर लगा एक और संगीन आरोप..

मेरठ में एनसीईआरटी की नकली किताब प्रकरण में घिरे कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। नौचंदी पुलिस ने रविवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर उनके भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। वह डेयरी की आड़ में अन्य सामान बेच रहा था। हालांकि पुलिस ने उसे थाने से जमानत पर छोड़ दिया।

शास्त्रीनगर में कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के भतीजे जितेंद्र अग्रवाल पुत्र नरेंद्र अग्रवाल की कैलाश डेयरी है। वह रविवार को लॉकडाउन के बावजूद डेयरी की आड में किराना का सामान बेच रहा था। इसकी जानकारी पाकर नौचंदी पुलिस डेयरी पर पहुंची और जितेंद्र अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी पाकर भाजपा नेता नौचंदी थाने में जुटने लगे। इस पर इंस्पेक्टर ने मामला तूल पकड़ता देख लॉकडाउन के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस ने मौके से बरामद सामान कब्जे में ले लिया। इससे पहले भी जितेंद्र अग्रवाल ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया था। उस दौरान पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया था। विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के परिजन खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। लोगों ने कई बार पुलिस प्रशासन से कैलाश डेयरी बंद कराने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि कानून सबके लिए एक है। आखिर नौचंदी एवं सिविल लाइन पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।

एडीजी ने जताई नाराजगी

कोरोना काल में पूरा देश लॉकडाउन के चलते बंद था। इसके बावजूद कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल की सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर एवं सिविल लाइन क्षेत्र स्थित गोल मार्केट में कैलाश डेयरी खुली हुई थी। पुलिस ने इन्हें बंद कराने की जहमत नहीं उठाई। इसी दौरान एडीजी जोन राजीव सभरवाल शहर का जायजा ले रहे थे। शास्त्रीनगर में कैलाश डेयरी खुली मिली थी। उन्होंने पुलिस से दुकान की परमिशन के बारे में पूछा तो जवाब नहीं मिलने पर सख्त नाराजगी जताई। इसके बाद डेयरी तत्काल बंद करा दी। सिविल लाइन पुलिस ने भी कैलाश डेयरी पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने का मुकदमा दर्ज किया था।

लॉकडाउन के दौरान डेयरी की आड़ में अन्य सामान कैलाश डेयरी पर बेचा जा रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर नौचंदी पुलिस ने डेयरी के संचालक जितेंद्र अग्रवाल को गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में थाने से छोड़ दिया। – संजीव देशवाल, सीओ सिविल लाइन