Breaking News

भाई का गुनाह छुपाने के लिए बीवी को दिया तलाक..

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना ताजगंज क्षेत्र की महिला का आरोप है कि देवर ने चार दिन पहले दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत पति और ससुरालियों से की। मगर, उन्होंने मारपीट की। इसके बाद पति ने तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। इस मामले में पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता ने बुधवार को एसएसपी आफिस में प्रार्थनापत्र दिया। 

ताजगंज क्षेत्र के मोहल्ले में रहने वाली महिला का आरोप है कि निकाह को दस साल हो चुके हैं। पति पेंटर है। निकाह के बाद से ही उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। उनका एक नौ साल का बेटा है। ससुराली दहेज की मांग करते हैं। पति अप्राकृतिक कृत्य करता है। 11 सितंबर को महिला अपने कमरे में घरेलू कार्य कर रही थी। तभी देवर कमरे में आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर चाकू से जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घटना की जानकारी पति को दी। मगर, वह उस पर ही आरोप लगाने लगा। इसके बाद तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आकर ससुरालियों को समझाया। मगर, कार्रवाई नहीं की। थाना पर भी शिकायत नहीं ली। बुधवार को पीड़िता ने एसएसपी आफिस में प्रार्थनापत्र दिया। मामले में थाना ताजगंज पुलिस को जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।