Breaking News

खेती छोड़ सड़क पर उतरा किसान…

किसान बिल के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों किसानों ने पलिया भीरा स्टेट हाईवे जाम कर दिया। किसानों को रोकने के लिए कई थानों का फोर्स भीरा भेज दिया गया है। उधर समाजवादी पार्टी ने भी किसान आंदोलन को समर्थन दिया है। किसानों के साथ सपा के कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों की संख्या में किसान ट्राली ट्रैक्टर लेकर भीरा पहुंच गए, यहां उन्होंने पलिया भीरा स्टेट हाईवे जाम कर दिया। किसान सड़कों पर बैठ गए। पहले से कई थानों का फोर्स यहां मौजूद था। हालात बिगड़ते देख और भी फोर्स मंगवाया गया है लेकिन पुलिस प्रदर्शनकारी किसानों को रोक नहीं सकी।

किसानों ने पलिया संपूर्णानगर रोड पर भी प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ट्रैक्टर ट्राली से भरकर किसान पलिया मंडी की तरफ जा रहे हैं। मैगलगंज में भी किसान नेशनल हाईवे जाम करने की तैयारी कर रहे हैं। गोला में किसान संगठन शहर के मुख्य चौराहे को जाम करेंगे। जिले भर में एक साथ चौतरफा किसान आंदोलन ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। प्रशासन भीरा में पुलिस भेजता है किसान संपूर्णानगर में इकट्ठा हो जाते हैं। फोर्स उधर दौड़ता है किसान मैगलगंज में आंदोलन करने लगते हैं।