Breaking News

कंगना रनौत: मुंबई आ रही हूं, किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले..

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और महाराष्ट्र सरकार में ठन गई है। शिवसेना नेता संजय राउत की ओर से कथित तौर पर मुंबई नहीं आने की धमकी पर कंगना ने पलटवार करते हुए कहा है कि वह 9 सितंबर को आ रही हैं, किसी में हिम्मत है तो रोक ले। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही फ्लाइट लैंडिंग का समय बता देंगी। उधर, संजय राउत ने कंगना के चैलेंज पर जवाब देते हुए उन्हें मेंटल केस तक बता दिया।

दरअसल, कंगना रनौत ने हाल ही में मुंबई को लेकर ऐसा बयान दिया जिसके बाद से उनका सोशल मीडिया पर विरोध किया जाने लगा। कंगना ने मुंबई की तुलना पीओके से की थी। इसके साथ ही कंगना ने कहा था कि उन्हें मुंबई पुलिस से डर लगता है। कंगना के बयान के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने एक्ट्रेस को मुंबई वापस ना आने की सलाह दी थी। कंगना रनौत ने ट्वीट में किया, मैं देख रही हूं कि कई लोग मुझे धमकी दे रहे हैं कि मैं मुंबई ना आऊं। अब मैंने फैसला लिया है कि मैं मुंबई जल्द आऊंगी। मैं 9 सिंतबर को मुंबई आऊंगी। मैं किस समय मुंबई आऊंगी वो टाइम भी सभी तो बता दूंगी। किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले। .एक दिन पहले ही रनौत ने ट्विटर पर आरोप लगाया कि राज्यसभा सदस्य राउत ने उन्हें खुलेआम धमकी दी थी और उन्हें मुंबई वापस नहीं आने के लिए कहा था।

संजय राउत ने कहा- मेंटल केस

कंगना के ताजा हमले के बाद एक निजी चैनल से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, ”जिस भाषा का इस्तेमाल उन्होंने किया है, हम नहीं करेंगे। हम महिलाओं का सम्मान करते हैं। उसने महाराष्ट्र, मुंबई पुलिस का अपमान किया है। यदि वह हिमाचल से सुरक्षा लेकर आ रही है तो उनकी जिम्मेदारी है। हमने नहीं कहा कि कंगना से हमारी दुश्मनी है। जिस शहर में आप रहते हो आपको वहां सबकुछ मिलता है, वहां की पुलिस आपकी रक्षा करती है। उसका आप अपमान करेंगे। 26/11 के हमले में मुंबई पुलिस ने बलिदान दिया। कोरोना वॉर में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी शहीद हो गए। क्या एक पढ़ी लिखी महिला को यह सब शोभा देता है। यह मेंटल केस है। जिस तरह से देख रहा हूं लोग यही कह रहे हैं। आप जिस थाली में खाते हो उसी में थूकते हो।”

क्या है मामला

दरअसल, कुछ दिनों पहले कंगना ने बॉलीवुड में ड्रग्स को लेकर बड़े दावे किए थे। कंगना ने ट्वीट किया था कि वह नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की मदद कर सकती हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षा दी जाए। कंगना ने कहा था कि मुझे मुंबई में अब मूवी माफिया से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर है। कंगना के बयान के बाद संजय राउत ने कहा था कि मुंबई पुलिस के लिए कंगना ने जो लिखा है वह गलत है और इससे हमारी बेइज्जती होती नजर आई है। एक्ट्रेस रहती तो मुंबई सिटी में हैं लेकिन एक्शन गृह मंत्रालय से लेने के लिए कह रही हैं।