Breaking News

मल्हनी उपचुनाव: भाजपा ने दिया बाहुबली धनंजय सिंह को झटका, नहीं बनने देंगे विधायक..

पूर्व मंत्री और सपा विधायक पारसनाथ यादव के निधन के बाद खाली हुई जौनपुर की मल्हनी सीट से विधायक बनने का सपना देख रहे बाहुबली विधायक धनंजय सिंह को झटका लग सकता है। भारतीय जनता पार्टी इस सीट पर खुद चुनाव लड़ेगी। खुद भाजपा नेता सुनील बंसल ने इसकी घोषणा की। कयास लगाए जा रहे थे कि भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के तहत सीट अपनी सहयोगी निषाद पार्टी को दे सकती है। ऐसी सूरत में धनंजय सिंह का यहां से उपचुनाव में प्रत्याशी होना तय माना जा रहा था। पिछले चुनाव में धनंजय निषाद पार्टी के टिकट पर दूसरे नंबर पर थे।

सुनील बंसल रविवार को जौनपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक होटल में पार्टी की समन्वयक बैठक की। जिले के सभी विधायकों और सांसद के साथ-साथ भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी और मल्हनी विधानसभा के पांचों मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी संग पार्टी को मजबूत बनाने पर चर्चा की।

इसी दौरान उन्होंने जिले में मल्हनी उपचुनाव को लेकर चल रही कयासआराइयों पर भी विराम लगा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंडल अध्यक्ष कमर कस लें, क्योंकि भाजपा ही मल्हनी से उपचुनाव लड़ेगी। पार्टी की रीढ़ कार्यकर्ता हैं। इसलिये बूथ पर जाकर आज से ही मेहनत शुरू कर दें तो चुनाव जीतने से उन्हें कोई रोक नहीं सकता। इस दौरान मुख्य रुप से क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी महेश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश में कैबिनेट मंत्री और विधानसभा मल्हनी चुनाव प्रभारी अनिल राजभर भी मौजूद रहे। बताते चलें कि जेल से निकलते ही बाहुबली धनंजय सिंह ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा था कि अगर गठबंधन के तहत उपचुनाव में मल्हनी सीट निषाद पार्टी को मिलती है तो पार्टी अध्यक्ष तय प्रत्याशी तय करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा था कि 2017 के चुनाव में निषाद पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी। याद रहे कि निषाद पार्टी से खुद धनंजय सिंह प्रत्याशी थे।