Breaking News

राफेल की पहली महिला पायलट होंगी बनारस की शिवांगी सिंह

वाराणसी में पली बढ़ीं और बीएचयू से एनसीसी करने के बाद शिवांगी ने भारतीय वायु सेना की राफेल स्क्वाड्रन की पहली महिला फाइटर पायलट बनने का सौभाग्य हासिल किया है। बनारस ही नहीं बल्कि देश में भी वायुसेना की ओर से बतौर फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवांगी सिंह रॉफेल पर अब परवाज (उड़ान) भरेंगी। शिवांगी सिंह जो अब तक मिग-21 उड़ा चुकी हैं,अब वो राफेल के 17 गोल्डन एरो स्क्वॉड्रन टीम में शामिल हो गई हैं। अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में उनको इसकी ट्रेनिंग भी दी जा रही है। शिवांगी भारतीय वायु सेना में 2017 में शामिल हुई थीं। वह विंग कमांडर अभिनंदन के साथ भी काम कर चुकी हैं।

पिता ने बताया कि जुलाई 2016 में मैसूर में शिवांगी ने कॉमन एप्टीट्यूट टेस्ट क्वालीफाई किया था। यहीं से उसने एयरफोर्स ट्रेनिंग की शुरुआत की। वो एयरक्राफ्ट उड़ाने में माहिर है। वहीं, दादा सुधीर सिंह ने बताया कि बचपन मे वो फुर्र-फुर्र कहती थी। हम लोग इसको कभी नहीं समझ पाए। आज समझ में आया कि उसकी मेहनत और किस्मत फुर्र में ही छिपी थी। आज वो देश के लिए इस मुकाम पर पहुंच गई, वो उसी फुर्र की देन है।

शिवांगी के चचेरे दादा सुधीर सिंह ने बताया वो घर से सुबह 6 बजे निकलती थी और 8 बजे रात को घर आती थी। लोग तमाम बातें करते थे। उसको गलत समझते थे, पढ़ती है कि घूमती है। आज वही लोग बधाइयां दे रहे है। ग्रेजुएशन उसने बीएचयू से किया है। शिवांगी अच्छी एथलीट के साथ गिटार भी बजाती है। शिवांगी का घर कैंटोनमेंट एरिया में हैं। फौजियों को देखकर उसके मन मे देश सेवा का भाव बचपन से ही था।

पिता कामेश्वर सिंह ने बताया कि उसके नाना भी फौजी थे। 9 वीं क्लास में थी तो एक बार वो दिल्ली गई थी। तब नाना ने एयरबेस और म्यूजियम घुमाया था। प्लेन देखकर तभी बोली थी, मैं भी इसको उड़ाना चाहती हूं। संघर्षों की बहुत जरूरत नहीं पड़ी। उसे जो भी जरूरत रही हम सभी ने पूरा किया।

मां सीमा सिंह ने बताया डर तो उसके मन मे कभी था ही नहीं। शुरू से ही उसको जहाजों में बहुत रुची थी। आसमान में जहाज उड़ता देख बहुत खुश होती थी। पायलेट का ड्रेस तस्वीरों में देख कर कहती थी, एक दिन मैं भी पहनूंगी। चचेरे भाई सुभ्रांशू सिंह ने बताया कि चाइना और भारत के हालात ठीक नहीं है। अगर कुछ होता है, तो शिवांगी जल्दी उनको जबाब देगी। देश की बेटी उनसे लोहा लेगी।

ये भी देखे-दीपावली पर मिलेगा यूपी को बड़ा तौहफा, इस जिले से शुरू होगी अंतरराष्ट्रीय उड़ाने

शिवांगी की पढ़ाई सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल से शुरू हुई। वह कक्षा1 से 8 तक यहीं पर पढ़ी उसके बाद 9 से 12 तक कि पढ़ाई सेंट जोसेफ शिवपुर से पूरी की। बाद में बीएससी की पढ़ाई 2013 से 15 -16 तक सनबीम वुमेंस कॉलेज वरुणा से की। इसी दौरान 3 साल बीएचयू से एनसीसी की छात्र भी रही है। शिवांगी का एक छोटा भाई मयंक है जो कक्षा 12 में स्मिथ स्कूल में पढ़ता है।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें NTTV भारत के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @NTTVBHARAT1 और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @Nttv_Bharat