Breaking News

आगरा में ट्रिपल मर्डर: पति पत्नी और बेटे को जिन्दा जलाया..

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार की सुबह तीनों के शव जली अवस्था में घर के अंदर मिले। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शवों को जलाने का प्रयास किया गया है। मरने वालों में पति, पत्नी और जवान बेटा शामिल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

दरअसल घटना थाना एत्माद्दौला के नगला किशनलाल की है। मृतकों में रघुवीर (55 साल), उनकी पत्नी मीरा और 22 वर्षीय बेटा बबलू हैं। रघुवीर मकान में ही परचून की दुकान चलाते थे। रविवार शाम को ही वो ससुराल से लौट कर आए थे। सोमवार सुबह तकरीबन साढ़े छह बजे पड़ोस के लोग उनकी दुकान से सामान लेने आए। दुकान बंद मिली। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन घर से कोई जवाब नहीं मिला। लोगों ने घर के अंदर झांका देखा तो धुआं निकल रहा था। अनहोनी की आशंका पर पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने किसी तरह घर का दरवाजा खोला। पुलिसकर्मी घर के अंदर गए तो मंजर देखकर सन्न रह गए। 

रघुवीर, पत्नी मीरा और पुत्र बबलू के शव एक ही कमरे में जली हुई हालत में पड़े थे। बबलू और मीरा के हाथ बंधे हुए थे, जबकि रघुवीर के गले में फंदा पड़ा हुआ था। तिहरे हत्याकांड की जानकारी पर आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अजय आनंद, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ए. सतीश गणेश, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बबलू कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और पड़ोस के लोगों से जानकारी ली। एडीजी अजय आनंद ने बताया कि नगला किशन लाल में एक ही परिवार के तीनों की हत्या हुई है। हत्या के बाद शवों को जलाने का प्रयास गया है। किसने हत्या की है, इसकी जांच में पुलिस जुट गई है। एडीजी ने दावा किया है कि घटनास्थल से कुछ सुराग मिले हैं। जल्द की घटना का खुलासा होगा।