Breaking News

80 किलो चांदी लूटकर भागे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से दो घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सोमवार शाम 80 किलो चांदी की पायलें लूटकर फरार हुए दो बदमाशों की मंगलवार तड़के जैंत चौकी क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बदमाशों को अस्पताल में भर्ती करवाया। साथ ही तमंचा, कारतूस, बाइक और लूटी गई करीब 50 किलो चांदी बरामद की। पुलिस ने महज 14 घंटे के भीतर लूट की घटना का खुलासा कर दिया है।

शहर कोतवाली क्षेत्र में अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास गोविंद नगर फ्लाईओवर पर बाइक सवार छह बदमाशों ने सोमवार की शाम करीब 4 बजे मंडी रामदास निवासी दीपक अग्रवाल के कर्मचारी मनोज सिंह से 80 किलो चांदी की पायल लूट ली थी। दिनदहाड़े लूट पुलिस के लिए चुनौती थी। आईजी आगरा जोन ए सतीश गणेश ने घटनास्थल का दौरा किया और नाकाबंदी तेज कर दी। रात करीब 2 बजे बदमाशों की लोकेशन मिली। इसके बाद घेराबंदी की गई। सुबह करीब छह वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के अनंतम सिटी में पुलिस को देखते हुए बदमाशों ने फायरिंग शुरू की। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जिनकी पहचान मनोज जाटव और कृष्ण मुरारी शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है। दोनों ही बदमाशों के कमर के नीचे गोली लगी है। करीब 40- 50 किलोग्राम चांदी बरामद हुई है। मुठभेड़ स्थल का आईजी ए सतीश गणेश ने मौका मुआयना किया। उन्होंने कहा कि जो बदमाश फरार हैं, उनको भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *