Breaking News

पत्नी को फंसाने के लिए खुद के अपहरण की रची साजिश..

यूपी के मिर्जापुर में पति-पत्नी के बीच इतना झगड़ा बढ़ गया कि वो एक-दूसरे के साथ रहने को तैयार नहीं हुए। पति ने पत्नी से अलग रहने और उसे फंसाने के लिए खुद के अपहरण की साजिश तक रच डाली। पुलिस ने पति व उसके तीन रिश्तदार को गिरफ्तार कर लिया। युवक अपनी पत्नी व उसके मायके वालों को झूठे केस में फंसाना चाहता था।

अहरौरा थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि चार सितबंर को बगहिया पुरवा गांव निवासी 35 वर्षीय राममूरत धूरिया गांव नहर के सैफन के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। लापता युवक की बाइक, गमछा व मोबाइल मिला था। लापता युवक के पिता सधकू ने अपने बहू व उसके मायके वालों पर गायब करने की तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने पत्नी व मायके वालों पर मुकदमा दर्ज कर पड़ताल में जुटी थी। पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से लापता युवक को बरही जंगल से बरामद कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में राममूरत ने बताया कि वह अपनी पत्नी व ससुराल वालों को फंसाने के लिए तीन रिश्तेदार संग मिलकर खुद की अपहरण की साजिश रची थी। वह अपनी पत्नी से काफी परेशान था। अपनी पत्नी से अलग रहना चाहता था। उसने अपने बहनोई बैजनाथ पाल निवासी धौहा थाना चुनार, रिश्तेदार राजू पाल निवासी चुनार व छोटई पाल निवासी निकरिका थाना मड़िहान के साथ मिलकर खुद के अपहरण की साजिश रची थी। पुलिस ने राममूरत व साजिश में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कार्रवाई में जुट गयी है। बरामदगी टीम में थानाध्यक्ष के अलावा उपनिरीक्षक विमलेश सिंह, सरज बली, सतीश पाल व मनीष सिंह रहे।