Breaking News

विधायक जन्मेजय सिंह के निधन से विधानसभा सत्र कल तक स्थगित, आज होने थे अहम बिल पेश

यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र के दूसरे दिन विधायक जनमेजय के निधन के कारण सदन की कार्यवाही शनिवार दोपहर 11 बजकर 23 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी गई। सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले हुई सर्वदलीय बैठक में ये फैसला लिया गया। 

बता दें कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की सदर सीट के भारतीय जनता पार्टी के विधायक जन्मेजय सिंह का गुरुवार देर रात लखनऊ में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। परिवार के लोगों ने बताया कि रात में उनकी तबीयत खराब होने पर पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ी तो लोहिया संस्थान रेफर कर दिए गए। यहां मेडिसिन के डॉक्टरों ने देखकर कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक पेस मेकर लगाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उन्हें हार्ट अटैक आया था। इससे पहले सिविल अस्पताल में उनकी कोरोना वायरस संक्रमण की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। विधायक जन्मेजय सिंह इससे पहले बसपा से भी विधायक रह चुके थे।

ये विधेयक पेश होने थे

  • उत्तर प्रदेश लोक एवं निजी सम्पत्ति क्षति वसूली विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश आकस्मिकता निधि (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन (द्वितीय संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश राज्य विधानमंडल सदस्यों की उपलब्धियों और पेंशन (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश औद्योगिक विवाद (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश कारखाना विवाद (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास (संशोधन) विधेयक 2020 कारागार अधिनियम 1894 में (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश मूल्य संवर्धित कर संशोधन विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश मंत्री वेतन भत्ता और प्रकीर्ण उपबंध (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश कतिपय श्रम विधियों से अस्थाई छूट (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन मंडी (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं महामारी रोग नियंत्रण विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश गोवध निवारण (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन, संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश कारागार (संशोधन) विधेयक 2020
  • उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल अध्यादेश 2020