Breaking News

हत्या या आत्महत्या ? घर से 50 मीटर दूरी पर खेत में मिला शव..

बाराबंकी में जैदपुर थाना क्षेत्र के सांईडीह मजरे अंधकापुर गांव में एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर खेत में मिला। शव देखते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पुत्र ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

जैदपुर थाना क्षेत्र के सांईडीह मजरे अंधकापुर गांव निवासी रामखेलावन (50) का शव सोमवार की भोर उसके घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर खेत में मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो परिजनों को इसकी सूचना दी। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अधेड़ की मौत से घर में कोहराम मचा है। परिवारी जन रो-रोकर बेहाल है। मृतक के पुत्र प्रदीप ने पिता की हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में उसने पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि खेत में लकड़ी बीनने को लेकर रामखेलावन का गांव की एक महिला से उनका जमकर विवाद हुआ था। इससे नाराज महिला ने रविवार को रामखेलावन के खिलाफ तहरीर दी थी।

मृतक रामखेलावन का शरीर पूरी तरीके से काला पड़ चुका था। पास ही जहर की शीशी का ढक्कन पड़ा हुआ था। कोतवाल संदीप राय ने बताया कि प्रथम जांच में मामला जहरीला पदार्थ खाने का लग रहा है। क्योंकि घटनास्थल पर जहर की शीशी का ढक्कन मिला है। कुछ ज़हर मृतक के कपड़ों पर लगा मालूम पड़ रहा है। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर कार्रवाई की जाएगी।