Breaking News

सपा कार्यकर्ताओं ने लगाया सरकार विरोधी नारा, पुलिस ने चलायी ताबड़तोड़ लाठियां

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सोमवार को किसान, नौजवान और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस मौके पर 50 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी है। जिन्हें पुलिस लाइन में रखा गया है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर सोमवार को बांदा जिला इकाई सोमवार को कचहरी चौराहे पर मौजूदा भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी। सपा नेताओं का कहना है कि सरकार रोजगार के मामले में, किसानों के मामले में, सुरक्षा के मामले में, पूरी तरह से फेल है। उत्तर प्रदेश सरकार तानाशाही तरीके से मनमाने आदेश सुना देती है। विपक्ष में होने के नाते वह मौजूदा सरकार की नीतियों का विरोध करते हैं और राज्यपाल से इस्तीफे की मांग करते हैं।
काफी देर तक बनी रही हंगामे की स्थिति

वहीं भीड़ को हटाने गई पुलिस से सपाइयों की झड़प हो गई। झड़प इतनी बढ़ गई कि पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। कई सपाइयों को चोट भी पहुंची है। 50 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन में बंद किया गया है। वहीं, पूरी घटनाक्रम के दौरान सपाई सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। भारी पुलिस बल के बीच काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।