Breaking News

मछली पकड़ने के विवाद में युवक की गयी जान, जानिये क्या है मामला..

महराजगंज के घुघली क्षेत्र के पौहरिया गांव में मंगलवार की देर रात मछली मारने को लेकर विवाद में एक युवक को लाठी-डंडा से पीट कर अधमरा कर दिया गया। परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया है। इस मामले में तीन आरोपित हिरासत में लिए गए हैं।

पौहरिया गांव के कोइरिया टोला निवासी 28 वर्षीय युवक सदानंद ने गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में मछली पकड़ने के लिए बांध बनाया था। आरोप है कि उसी बांध पर गांव के गोलू, संदीप व संतोष के अलावा गांव का रविन्द्र भी मछली मारने का प्रयास करने लगे। सदानंद ने मंगलवार की शाम को विरोध किया। कहासुनी के बाद बात खत्म हो गई। आरोप है कि रात में साढ़े नौ बजे के करीब सदानंद बांध से घर लौट रहा था। गांव में आरोपितों ने उसे घेरकर लाठी-डंडा से वार कर घायल कर दिया। इलाज के लिए परिवारीजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने सदानंद को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में घुघली थाना के एसआई अंकित सिंह ने बताया कि सदानंद की पत्नी सावित्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गोलू, संदीप और संतोष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह तीनों आरोपित सगे भाई हैं। चौथा आरोपित रविन्द्र फरार है। गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।

परिवार पर टूटा मुसीबतों का पहाड़

सदानंद के परिवार में पत्नी और दो बच्चों के अलावा मां और दो भाई है। सदानंद को मछली पकड़ने का शौक था। इस वजह से वह दिन रात मछली मारने की जुगत में रहता था। जिसके खेत में उसने मछली पकड़ने के लिए बांध बनाया था, उसको कोई आपत्ति नहीं थी। लेकिन गांव के अन्य युवकों से विवाद में उसकी जान चली गई। अब सदानंद की मौत से परिजनों पर आफत का पहाड़ टूट गया है। उनका रो-रोकर उनका बुरा हाल है।