Breaking News

किसानों का आज देशभर में आंदोलन, किसान संगठनों का चक्का जाम

हाल ही में संसद से पास तीन कृषि विधेयकों के विरोध में किसान संगठनों ने शुक्रवार को देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है। इस विरोध प्रदर्शन में पंजाब और हरियाणा के ज्यादा किसान शामिल होने जा रहे हैं। इसके अलावा देश के 31 किसान संगठनों ने इस बंद का समर्थन किया है।

वही कई दिनों से सड़क पर प्रदर्शन कर रहे पंजाब के किसान बृहस्पतिवार को रेल ट्रैक पर बैठ गए हैं। रेल रोको आंदोलन को देखते हुए रेलवे ने शनिवार तक 20 विशेष ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द और पांच को गंतव्य से पहले रोक दिया है। साथ ही हरियाणा में किसानों-आढ़तियों ने राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी है। उधर, यूपी में सपा ने किसान कर्फ्यू और जाम का आह्वान किया है।

किसानों की ओर से बुलाए गए इस बंद का कांग्रेस ने पूरा समर्थन किया है। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि शुक्रवार को भारत बंद में उसके लाखों कार्यकर्ता किसानों के साथ धरना में शामिल होंगे। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को नई दिल्ली में कहा कि किसान पूरे देश का पेट भरते हैं लेकिन मोदी सरकार किसानों के खेत पर हमला कर रही है।

भारत बंद का समर्थन करते हुए रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट में लिखा, कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी भारत बंद पर किसानों के साथ खड़े हैं। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता धरना एवं विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस पार्टी ने तय किया है कि शुक्रवार को हर राज्य में विरोध मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद 28 सितंबर को हर राज्य के राज्यपाल को इस बाबत एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।

वही यूपी में सपा सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस 28 सितंबर को विधानभवन का घेराव करेगी और शुक्रवार से 31 अक्तूबर तक किसान जागरूकता महाभियान चलाएगी।

वही बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने केंद्र सरकार को किसानों को विश्वास में लेकर फ़ैसले करने का सुझाव दिया है। उन्होने कहा कि जैसाकि विदित है कि बीएसपी ने यूपी में अपनी सरकार के दौरान कृषि से जुड़े अनेकों मामलों में किसानों की कई पंचायतें बुलाकर उनसे समुचित विचार-विमर्श करने के बाद ही उनके हितों में फैसले लिए थे। यदि केन्द्र सरकार भी किसानों को विश्वास में लेकर ही निर्णय लेती तो यह बेहतर होता।

दिल्ली में भी किसानों की बड़ी तैयारी है। किसान अपने ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर रावता गांव से धुमनहेड़ा गांव, नजफगढ़ फिरनी और वीडियो दफ्तर से होते हुए डीसी दफ्तर कापसहेड़ा पहुंचेंगे। कोरोना के सभी एहतियात और गाइडलाइंस का पालन करते हुए किसान धरना प्रदर्शन करेंगे।