Breaking News

सुशांत केस में नया खुलासा, आध्यात्मिक गुरु के बयान से फंसी रिया चक्रवर्ती…

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में हर दिन नई बातें निकलकर सामने आ रही हैं। इस मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के खिलाफ दिवंगत अभिनेता के पिता ने मामला दर्ज करवाया है। अब सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में एक आध्यात्मिक गुरु ने रिया चक्रवर्ती को लेकर नया खुलासा किया है।

आध्यात्मिक गुरु महेश सदाशिव जोशी ने हाल ही में एक चैनल से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने रिया चक्रवर्ती और सुशांत सिंह राजपूत के बारे में खुलासा किया। उन्होंने दावा किया है कि रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत को डिप्रेशन से बाहर निकलाने के लिए उनसे संपर्क किया था। आध्यात्मिक गुरु ने बताया कि उन्हें रिया चक्रवर्ती ने गूगल पर ढूंढा उसके बाद उनसे संपर्क किया। 

आध्यात्मिक गुरु महेश सदाशिव जोशी ने कहा, ‘मैं सुशांत सिंह राजपूत से 22 नवंबर को मिला था। मैंने उन्हें आशीर्वाद दिया। 23 नवंबर को मैं उनसे फिर मिला और उस समय सुशांत बेहतर लग रहे थे। रिया चक्रवर्ती ने मुझे गूगल पर ढूंढा था। वहीं इस मामले में मुझे बांद्रा पुलिस स्टेशन में भी बुलाया गया था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते मैं नहीं गया।’ 

गुरु महेश सदाशिव जोशी ने आगे कहा, ‘मैं 70 साल का हूं और कोरोना वायरस के डर के कारण मैं पुलिस स्टेशन नहीं गया। मैंने उनसे कहा था कि मैं घर से ही अपना बयान दर्ज करके भेज सकता हूं। मेरे हाथ गर्म रहते हैं, उससे शरीर में ऊर्जा जाती है। वह बॉडी को ठीक करती है’। गौरतलब है कि रिया चक्रवर्ती सुशांत सिंह राजपूत के मौत के मामले में संदेह के घेरे में हैं।

बीती जुलाई को सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने आरोपों में कहा था कि रिया ने उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया, साथ ही उनके पैसे हड़पने की भी कोशिश की। इस संदर्भ में बीते दिनों रिया चक्रवर्ती सहित उनके पिता और भाई से प्रवर्तन निर्देशालय (ईडी) ने पूछताछ की थी।